हादसे में 29 लोगों की मौत, 30 से अधिक घायल

थाईलैंड में एक दर्दनाक रेल हादसा सामने आया है। निर्माणाधीन क्षेत्र में अचानक क्रेन गिरने के कारण एक यात्री ट्रेन पटरी से उतर गई। इस भीषण हादसे में अब तक 29 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि करीब 30 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहत और बचाव दल ने तुरंत पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत नाजुक बनी हुई है।
प्रशासन ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, सुरक्षा मानकों में लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। थाई सरकार ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई है और पीड़ितों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है।
कैसे हुआ हादसा?
स्थानीय पुलिस अधिकारी ने न्यूज एजेंसी एएफपी को बताया कि हादसे में 22 लोगों की मौत हुई है और 30 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। हालांकि बाद में मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 29 हो गया
हादसे का शिकार हुई रेलगाड़ी उबोन रतचथानी प्रांत जा रही थी।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, निर्माणाधीन हाई स्पीड रेल प्रोजेक्ट का काम चल रहा था, जिस पर क्रेन काम में लगी थी, जब वहां से ट्रेन गुजर रही थी, तभी क्रेन वहां से गुजर रही ट्रेन पर गिर गई।
क्रेन गिरने के चलते ट्रेन पटरी से उतर गई और उसमें आग लग गई। फिलहाल आग को बुझा लिया गया है और बचाव कार्य चल रहा है।
हादसे के बाद राहत और बचाव कार्यों का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दिख रहा है कि बचाव कर्मी हादसाग्रस्त ट्रेन को काटकर घायल लोगों को निकाल रहे हैं।

