नोटिस में कहा—15 दिन के भीतर संरचनाएँ हटाई जाएँ, अन्यथा कार्रवाई होगी

लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में हाल ही में सामने आए यौन शोषण और धर्मांतरण के मामले के बाद प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कैंपस में मौजूद सभी मजारों को हटाने का नोटिस जारी किया है।
प्रशासन ने यह नोटिस अस्पताल परिसर की विभिन्न जगहों पर चस्पा कर दिया है। इसमें स्पष्ट कहा गया है कि 15 दिनों के भीतर इन संरचनाओं को स्वयं हटाया जाए। तय समय के भीतर कदम न उठाए जाने पर KGMU प्रशासन की ओर से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह कदम उस समय उठाया गया है जब कैंपस में बने कुछ स्थानों के दुरुपयोग, संदिग्ध गतिविधियों और नियमों के उल्लंघन की शिकायतें सामने आईं। यौन शोषण और धर्मांतरण केस की जांच में भी इन जगहों का संदर्भ आया, जिसके बाद प्रशासन ने तत्काल स्थिति की समीक्षा की।
KGMU अधिकारियों ने कहा कि परिसर पूरी तरह अस्पताल और शैक्षणिक कामों के लिए निर्धारित है, और किसी भी अनधिकृत निर्माण की अनुमति नहीं है। सुरक्षा और अनुशासन बनाए रखने के लिए यह कार्रवाई आवश्यक है।
फिलहाल कैंपस में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और प्रशासन ने साफ किया है कि विश्वविद्यालय परिसर में किसी भी प्रकार की अनधिकृत धार्मिक या निजी संरचना को मंजूरी नहीं दी जाएगी।
मामले को लेकर अस्पताल प्रबंधन, पुलिस और जांच एजेंसियों के बीच समन्वय जारी है।






