डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते की तैनाती

छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में उस वक्त हड़कंप मच गया जब जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली। धमकी मिलने के बाद तुरंत पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया। सुरक्षा को देखते हुए न्यायालय परिसर को खाली कराया गया और आम लोगों की आवाजाही रोक दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंच गए। पूरे कोर्ट परिसर की गहन जांच की जा रही है। फिलहाल किसी भी संदिग्ध वस्तु के मिलने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां हर पहलू से जांच कर रही हैं।
पुलिस के अनुसार, धमकी किस माध्यम से दी गई है, इसकी जांच की जा रही है। कॉल डिटेल और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान करने का प्रयास जारी है।
प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और जांच लगातार जारी है।






