Election Commission ने नागरिकों से समय पर सुधार कराने की अपील की

UP: आज मतदाता सूची संशोधन (Voter List Revision) के लिए अंतिम तिथि है। नागरिकों को अपने नाम, पता, जन्मतिथि या किसी भी अन्य जानकारी में सुधार कराने का आज आखिरी मौका मिला है। कई जिलों में प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अगर उनका नाम मतदाता सूची से कट गया है, गलत दर्ज है या पता बदला है, तो आज ही अपडेट करवाएं, क्योंकि इसके बाद सुधार का अगला मौका चुनाव से काफी पहले मिलेगा।
चुनाव आयोग (Election Commission of India) के निर्देश के अनुसार, जिन लोगों का नाम वोटर लिस्ट में नहीं है, वे फॉर्म-6 भरकर नया नाम जोड़ सकते हैं। अगर नाम गलत दर्ज हो गया है या पता बदलना है तो फॉर्म-8, जबकि किसी मृत व्यक्ति या दोहरी प्रविष्टि को हटाने के लिए फॉर्म-7 का उपयोग किया जाएगा।
नागरिक इन सभी प्रक्रियाओं को NVSP पोर्टल और Voter Helpline App के जरिए घर बैठे पूरा कर सकते हैं। इसके अलावा ब्लॉक स्तर पर नियुक्त बीएलओ भी संशोधन फॉर्म स्वीकार कर रहे हैं। कई जिलों में विशेष कैंप भी लगाए गए हैं ताकि अंतिम दिन लोगों को दिक्कत न हो।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जो भी नागरिक 1 जनवरी 2026 या उससे पहले 18 वर्ष के हो चुके हैं, वे आज तक आवेदन करके अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करा सकते हैं। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे समय रहते अपने वोटर पहचान संबंधी त्रुटियों का समाधान करा लें, क्योंकि चुनाव के समय यह बेहद महत्वपूर्ण दस्तावेज साबित होता है।

