15 Best News Portal Development Company In India

लखनऊ में फ्रेगरेंस पार्क का लोकार्पण, राजनाथ सिंह ने किया उद्घाटन; 200 से अधिक सुगंधित पौधे बने आकर्षण

SHARE:

2.3 एकड़ में विकसित पार्क में कैफे, ओपन थिएटर, झूले और दिव्यांगों के लिए विशेष सुविधाएं

पुराने लखनऊ के हुसैनाबाद स्थित लाजपत नगर में घंटाघर के सामने विकसित किए गए फ्रेगरेंस पार्क का लोकार्पण किया गया। रक्षा मंत्री एवं लखनऊ सांसद राजनाथ सिंह ने पार्क का उद्घाटन किया। लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) द्वारा करीब 2.3 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित किए गए इस पार्क को पुराने लखनऊ के हेरिटेज क्षेत्र में पर्यटन और हरियाली को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

पार्क में 200 से अधिक प्रजातियों के सुगंधित और सजावटी पौधे लगाए गए हैं। चमेली, चंपा, बेला, मोगरा और गंधराज समेत कई फूलों की प्रजातियां पार्क का प्रमुख आकर्षण हैं। पार्क में आने वाले लोगों को प्राकृतिक वातावरण के साथ सुगंधित पौधों और फूलों की विविधता देखने का अवसर मिलेगा।

पार्क में लोगों की सुविधा और मनोरंजन के लिए कैफे, ओपन थिएटर, बच्चों के लिए झूले और बैठने की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा पार्क को अधिक समावेशी बनाने के लिए दिव्यांग और दृष्टिबाधित लोगों के लिए विशेष सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। इनमें रैंप और ब्रेल सूचना पैनल शामिल हैं, जिससे ज्यादा से ज्यादा लोग पार्क का उपयोग कर सकें।

लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान लाला लाजपत राय और शहीद भगत सिंह की प्रतिमाओं का भी अनावरण किया गया। इससे पार्क को पर्यावरण और पर्यटन के साथ-साथ देश के स्वतंत्रता आंदोलन की स्मृतियों से जोड़ने का प्रयास किया गया है।

फ्रेगरेंस पार्क के विकसित होने से पुराने लखनऊ के हेरिटेज जोन में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। घंटाघर और हुसैनाबाद क्षेत्र पहले से ही ऐतिहासिक स्थलों के लिए जाना जाता है। ऐसे में पार्क को स्थानीय नागरिकों के साथ पर्यटकों के लिए भी एक नए आकर्षण के रूप में विकसित किया गया है।

लोकार्पण समारोह में उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, दिनेश शर्मा, संजय सेठ समेत कई नेता, LDA के अधिकारी और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान पार्क की सुविधाओं और इसके विकास कार्यों से संबंधित जानकारी भी साझा की गई।

आयोजकों के अनुसार पार्क का उद्देश्य पुराने लखनऊ के इस ऐतिहासिक क्षेत्र में हरित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ नागरिकों और पर्यटकों के लिए एक बेहतर सार्वजनिक स्थल विकसित करना है।

रिपोर्ट: अनुराग सिंह, ब्यूरो लखनऊ

Lokseva Bureau
Author: Lokseva Bureau

Leave a Comment

best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई
Explore More