सेंट्रल एकेडमी और लिटिल मिलेनियम की छात्राओं ने जवानों के साथ साझा की भाईचारे की भावना

आशियाना स्थित 93वीं वाहिनी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के प्रांगण में रक्षाबंधन का पावन पर्व सामाजिक सद्भाव और देशप्रेम की भावना के साथ मनाया गया। 24 अगस्त 2026 को सेंट्रल एकेडमी विद्यालय, आशियाना तथा 25 अगस्त को लिटिल मिलेनियम विद्यालय, आशियाना की छात्राओं ने CRPF अधिकारियों एवं जवानों को रक्षासूत्र बांधकर रक्षाबंधन पर्व मनाया।
इस अवसर पर वाहिनी के अधिकारियों और जवानों ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में सहभागिता की और विद्यालय की छात्राओं का स्वागत किया। छात्राओं ने जवानों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधकर उनके प्रति सम्मान और अपनत्व की भावना व्यक्त की। जवानों ने भी छात्राओं को स्नेह और सुरक्षा का भाव दिया।

कार्यक्रम के दौरान रक्षाबंधन के पवित्र पर्व के महत्व पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने कहा कि यह पर्व भाई-बहन के रिश्ते के साथ-साथ आपसी भाईचारे, विश्वास और सामाजिक सद्भाव का संदेश भी देता है। देश की सुरक्षा में तैनात जवानों के साथ छात्राओं द्वारा रक्षाबंधन मनाना समाज और सुरक्षा बलों के बीच जुड़ाव का प्रतीक रहा।
कार्यक्रम में श्री अनूप कुमार साहू, कमाण्डेंट, श्री रमेश सिंह, उप कमाण्डेंट तथा श्री संजय सिंह, उप कमाण्डेंट की गरिमामयी उपस्थिति रही। कमाण्डेंट अनूप कुमार साहू ने दोनों विद्यालयों की छात्राओं और शिक्षकों का स्वागत किया तथा उन्हें उपहार प्रदान किए। उन्होंने रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं देते हुए इसके सामाजिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला।

इस आयोजन का उद्देश्य देश सेवा में समर्पित CRPF जवानों और छात्राओं के बीच भावनात्मक जुड़ाव को मजबूत करने के साथ भाईचारे, सामाजिक सद्भाव, महिला सम्मान और देशप्रेम की भावना को बढ़ावा देना रहा।
93वीं वाहिनी CRPF द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं और जवानों ने उत्साह के साथ भाग लिया। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि सामाजिक एकता और आपसी सम्मान के माध्यम से समाज में सकारात्मक वातावरण को मजबूत किया जा सकता है। आयोजन के दौरान विद्यालयों के शिक्षकों और CRPF कर्मियों की सहभागिता भी रही।
रिपोर्ट: अनुराग सिंह, ब्यूरो लखनऊ






