दीक्षांत समारोह में होंगे शामिल, सीनियर सिटीजन होम और फ्रेगरेंस पार्क का करेंगे उद्घाटन

रक्षा मंत्री और लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह 28 से 30 अगस्त 2026 तक तीन दिवसीय लखनऊ दौरे पर रहेंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार रक्षा मंत्री 28 अगस्त की शाम लखनऊ पहुंचेंगे और इस दौरान विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के साथ स्थानीय लोगों से भी मुलाकात करेंगे।
जानकारी के अनुसार, राजनाथ सिंह 28 अगस्त को शाम करीब 4:30 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से रवाना होने के बाद वह सदर बाजार और गणेशगंज क्षेत्र में जाएंगे। यहां वह शोकाकुल परिवारों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त करेंगे।

दौरे के दूसरे दिन 29 अगस्त को रक्षा मंत्री कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगे। वह बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय (BBAU) के दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेंगे। दीक्षांत समारोह में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों और शिक्षकों के साथ संवाद का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है।
इसके बाद राजनाथ सिंह गोमतीनगर में सीनियर सिटीजन होम का उद्घाटन करेंगे। इस परियोजना का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों के लिए बेहतर सुविधाएं और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है। इसके अलावा वह लाजपत नगर में फ्रेगरेंस पार्क का उद्घाटन भी करेंगे। स्थानीय स्तर पर इन दोनों परियोजनाओं को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
रक्षा मंत्री के दौरे के तीसरे दिन 30 अगस्त को दिलकुशा लॉन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ को सुनने का कार्यक्रम है। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों की मौजूदगी भी प्रस्तावित है।

राजनाथ सिंह के तीन दिवसीय दौरे को लेकर लखनऊ में प्रशासनिक और सुरक्षा तैयारियां की जा रही हैं। विभिन्न कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित विभागों की ओर से तैयारियां की जा रही हैं।
रक्षा मंत्री के लखनऊ दौरे के दौरान शहर में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित होंगे। स्थानीय स्तर पर उनके कार्यक्रमों को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं और संबंधित अधिकारियों द्वारा व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा रही है।
रिपोर्ट: अनुराग सिंह, ब्यूरो लखनऊ






