कोर्ट परिसर खाली कराया गया, बम निरोधक दस्ता और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची

उत्तराखंड के देहरादून स्थित दून जिला न्यायालय को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है। धमकी भरा संदेश मिलते ही पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया। एहतियात के तौर पर तुरंत कोर्ट परिसर को खाली करा लिया गया और आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंच गई। पूरे परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। कोर्ट के सभी कक्ष, पार्किंग क्षेत्र और आसपास के इलाकों की बारीकी से जांच की जा रही है।
अधिकारियों के मुताबिक, सुरक्षा के मद्देनजर किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जा रही है। फिलहाल अभी तक किसी संदिग्ध वस्तु के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस धमकी देने वाले की पहचान करने में जुटी है और साइबर टीम भी मैसेज की जांच कर रही है। जांच पूरी होने तक कोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

