नियम तोड़ने पर लगेगा 50 हजार रुपये का जुर्माना, गांव की पंचायत में सर्वसम्मति से निर्णय

सैकोट गांव की महिलाओं ने सामाजिक बदलाव की दिशा में बड़ा और ऐतिहासिक कदम उठाया है। गांव की पंचायत सभा में शामिल होकर महिलाओं ने सर्वसम्मति से फैसला लिया कि अब किसी भी सार्वजनिक कार्यक्रम—जैसे शादी, स्वागत समारोह, भोज या जगराता—में शराब का सेवन या वितरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
इस नियम को सख्ती से लागू करने के लिए पंचायत ने 50 हजार रुपये का जुर्माना तय किया है। यदि किसी कार्यक्रम में शराब परोसी या पी जाती पाई गई, तो आयोजक पर सीधे यह जुर्माना लगाया जाएगा।
महिलाओं ने कहा कि सार्वजनिक कार्यक्रमों में शराब की वजह से झगड़े, हिंसा और सामाजिक तनाव बढ़ता है। इस निर्णय से गांव में न सिर्फ शांति बनेगी, बल्कि युवाओं में भी सकारात्मक संदेश जाएगा।
गांव के लोगों ने इस निर्णय का स्वागत किया है और इसे महिला शक्ति एवं सामाजिक जागरूकता की बड़ी जीत बताया है।

