कॉकपिट में धुआं दिखने पर पायलट ने लिया फैसला; यात्रियों ने एहतियातन मास्क लगाए, सभी सुरक्षित 
लखनऊ में उस समय हड़कंप मच गया जब एअर इंडिया एक्सप्रेस की एक उड़ान को इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। जानकारी के मुताबिक, विमान लगभग 36 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ान भर रहा था, तभी पायलट को कॉकपिट में धुआं महसूस हुआ।
स्थिति को गंभीर मानते हुए पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क किया और लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी। ATC ने तत्काल प्राथमिकता देते हुए लैंडिंग की अनुमति दी, जिसके बाद विमान को सुरक्षित उतार लिया गया।
फ्लाइट में मौजूद यात्रियों के अनुसार, धुआं महसूस होते ही केबिन क्रू ने तुरंत अलर्ट जारी किया और सभी यात्रियों को शांत रहने के निर्देश दिए। एहतियात के तौर पर कई यात्रियों ने मास्क पहन लिए। इस दौरान कोई अफरा-तफरी की स्थिति नहीं बनी और सभी ने संयम बनाए रखा।
एयरपोर्ट प्रशासन ने पहले से ही इमरजेंसी सेवाओं को अलर्ट कर दिया था। विमान के उतरते ही तकनीकी टीम ने उसकी जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में किसी बड़े तकनीकी नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन पूरी जांच जारी है।
अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में सभी यात्री और क्रू मेंबर सुरक्षित हैं। फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि कॉकपिट में धुआं किस वजह से उत्पन्न हुआ।
यह घटना एक बार फिर विमानन सुरक्षा व्यवस्था और पायलट की सतर्कता को दर्शाती है, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।






