G7 फैमिली फोटो के दौरान दिखी मोदी-ट्रंप की खास केमिस्ट्री, हाथ पकड़ने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर छाया

फ्रांस के एवियन में आयोजित G7 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फैमिली फोटो सेशन के दौरान PM मोदी को ट्रंप का हाथ पकड़कर मंच की ओर ले जाते हुए देखा गया, जिसके बाद यह दृश्य चर्चा का विषय बन गया।

वायरल वीडियो में दिखाई देता है कि विश्व नेताओं के पारंपरिक फैमिली फोटो सेशन के लिए मंच पर पहुंचने के दौरान PM मोदी ने ट्रंप का हाथ थामा और उन्हें आगे बढ़ने में मदद की। इसके बाद दोनों नेताओं ने आपस में बातचीत भी की। कई सोशल मीडिया यूजर्स इसे दोनों नेताओं के बीच मजबूत व्यक्तिगत संबंधों और सहज कूटनीतिक व्यवहार का प्रतीक बता रहे हैं।
G7 सम्मेलन में यह मुलाकात पिछले लगभग 16 महीनों में मोदी और ट्रंप की पहली आमने-सामने की मुलाकात मानी जा रही है। फैमिली फोटो के बाद दोनों नेताओं ने हाथ मिलाया और संक्षिप्त बातचीत भी की। सम्मेलन के दौरान दोनों नेता एक सत्र में साथ बैठे हुए भी नजर आए।

हालांकि वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। कुछ लोगों ने इसे दोस्ताना और सकारात्मक कूटनीतिक संकेत बताया, जबकि कई यूजर्स ने इसे केवल प्रोटोकॉल और शिष्टाचार का हिस्सा माना। फिलहाल दोनों देशों के बीच व्यापार, वैश्विक सुरक्षा और पश्चिम एशिया के हालात जैसे मुद्दों पर बातचीत को लेकर भी चर्चा जारी है।
G7 शिखर सम्मेलन में भारत आमंत्रित देश के रूप में शामिल हुआ है। प्रधानमंत्री मोदी लगातार सातवीं बार G7 आउटरीच सत्र में हिस्सा ले रहे हैं और वैश्विक दक्षिण (Global South) के मुद्दों को प्रमुखता से उठा रहे हैं।




