अवैध रेत परिवहन के खिलाफ कार्रवाई के दौरान हमला, पांच आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज; पुलिस और प्रशासन में हड़कंप।

छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में रेत माफियाओं के हौसले इतने बुलंद हो गए कि उन्होंने ड्यूटी पर तैनात एक खनिज आरक्षक (कांस्टेबल) के साथ मारपीट कर जब्त किए गए रेत लदे हाईवा वाहन को छुड़ाकर फरार हो गए। घटना के बाद प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, रायपुर की खनिज फ्लाइंग स्क्वॉड ने अवैध रेत परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कई वाहनों को जब्त किया था। इन्हें अंबिकापुर लाया जा रहा था, तभी गांधी चौक क्षेत्र में कुछ लोगों ने वाहन को रोक लिया। आरोप है कि रेत माफियाओं ने खनिज आरक्षक तारकेश्वर वर्मा के साथ मारपीट की और जब्त हाईवा को जबरन छुड़ाकर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पांच आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और आसपास के क्षेत्रों में दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध खनन और रेत माफियाओं के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
इस घटना ने एक बार फिर छत्तीसगढ़ में अवैध रेत खनन और माफिया नेटवर्क की बढ़ती चुनौती को उजागर कर दिया है। स्थानीय लोगों ने भी दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।



