अमेरिकी प्रशासन ने स्पष्ट किया कि ताइवान को प्रस्तावित 14 अरब डॉलर के हथियार पैकेज पर फैसला चीन के साथ बातचीत पर निर्भर नहीं है और अमेरिका की लंबे समय से चली आ रही ताइवान नीति में कोई बदलाव नहीं हुआ है

ताइवान को लेकर बढ़ती वैश्विक चिंताओं के बीच ट्रंप प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अमेरिका की आधिकारिक ताइवान नीति में कोई बदलाव नहीं किया गया है। अमेरिकी विदेश विभाग के वरिष्ठ अधिकारी ने कांग्रेस की सुनवाई में कहा कि ताइवान के लिए प्रस्तावित 14 अरब डॉलर के हथियार पैकेज की समीक्षा जारी है, लेकिन इसका निर्णय चीन के साथ किसी भी वार्ता या समझौते पर निर्भर नहीं होगा।

इस बयान को इसलिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि हाल के महीनों में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कुछ बयानों से यह अटकलें लगाई जा रही थीं कि ताइवान को हथियारों की आपूर्ति अमेरिका-चीन संबंधों में एक सौदेबाजी का विषय बन सकती है। हालांकि प्रशासन ने अब दोहराया है कि अमेरिका अपनी “वन चाइना पॉलिसी”, Taiwan Relations Act और Six Assurances के अनुरूप ही आगे बढ़ेगा।

प्रस्तावित 14 अरब डॉलर के रक्षा पैकेज में उन्नत वायु रक्षा प्रणालियां, इंटरसेप्टर मिसाइलें और अन्य आधुनिक सैन्य उपकरण शामिल होने की संभावना है। ताइवान ने इस पैकेज को जल्द मंजूरी मिलने की उम्मीद जताई है, जबकि चीन लगातार अमेरिकी हथियार बिक्री का विरोध करता रहा है और इसे अपनी संप्रभुता के खिलाफ बताता है।






