जान की परवाह किए बिना नहर में कूदे युवक, किशोरी को सकुशल बाहर निकाला

बिसवां, सीतापुर: सीतापुर जिले के बिसवां कस्बे में गुरुवार सुबह इंसानियत और साहस की मिसाल देखने को मिली। मोहल्ला कैथी टोला निवासी 16 वर्षीय किशोरी जूली ने सुबह करीब 8 बजे शारदा सहायक नहर में छलांग लगा दी। इसी दौरान मौके से गुजर रहे दो युवकों ने बिना देर किए अपनी जान की परवाह किए बिना नहर में छलांग लगा दी और कड़ी मशक्कत के बाद किशोरी को सकुशल बाहर निकाल लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों युवकों की तत्परता और साहस के कारण एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के दौरान नहर में पानी का बहाव होने के बावजूद युवकों ने हिम्मत नहीं हारी और किशोरी तक पहुंचकर उसे सुरक्षित बाहर निकालने में सफलता हासिल की।
किशोरी की जान बचाने वाले युवकों में से एक की पहचान अभय गौतम के रूप में हुई है, जबकि दूसरे युवक की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि दोनों युवकों ने जिस तरह तत्काल निर्णय लेते हुए नहर में छलांग लगाई, वह साहस और मानवता की बड़ी मिसाल है।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। किशोरी को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बिसवां पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया। चिकित्सकों के अनुसार किशोरी की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में किशोरी द्वारा नहर में छलांग लगाने के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाने में लगी है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में दोनों युवकों की बहादुरी की जमकर चर्चा हो रही है। स्थानीय नागरिकों ने उन्हें ‘रियल हीरो’ बताते हुए कहा कि उनकी सूझबूझ, साहस और त्वरित कार्रवाई के कारण एक किशोरी की जिंदगी बच सकी।
लोगों का कहना है कि यदि दोनों युवक समय रहते मदद के लिए आगे नहीं आते, तो घटना गंभीर रूप ले सकती थी। दोनों युवकों के साहसिक प्रयास ने न सिर्फ एक परिवार को बड़े हादसे से बचाया, बल्कि समाज के सामने इंसानियत और बहादुरी की प्रेरणादायक मिसाल भी पेश की है।






