NHAI 1033 से पहुंची राहत, लापरवाही पर सवाल

बरेली: बरेली–सीतापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर थाना बिशरी चैनपुर क्षेत्र के ग्राम पंचायत रजऊपरसपुर स्थित नीलकंठ हॉस्पिटल के सामने एक गौ माता सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गई। ग्रामीणों का आरोप है कि हादसे के बाद गौ माता करीब 24 घंटे तक सड़क किनारे दर्द से तड़पती रही, लेकिन स्थानीय प्रशासन, ग्राम पंचायत और संबंधित विभागों की ओर से समय पर कोई सहायता नहीं पहुंची। इस दौरान घायल गौ माता खुले में पड़ी रही और आवारा कुत्ते उसे नोचते रहे, जिससे स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली।

ग्रामीणों के अनुसार कई बार सूचना देने के बावजूद कोई जिम्मेदार मौके पर नहीं पहुंचा। जब स्थानीय स्तर पर मदद नहीं मिली, तब रिपोर्टर अशोक यादव (बिसवां) ने मामले को गंभीरता से उठाते हुए NHAI हेल्पलाइन 1033 पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद संबंधित टीम सक्रिय हुई और मौके पर पहुंचकर घायल गौ माता का रेस्क्यू कराया तथा उसके उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की।

ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान वीरेंद्र सिंह एवं संबंधित अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था लागू करने की मांग की है। इस घटना ने पशु संरक्षण व्यवस्था और स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।






