तेल बालों को मजबूत और Scalp को Moisturize कर सकता है, लेकिन नए बाल उगाने की गारंटी नहीं

बालों में तेल लगाना भारतीय जीवनशैली का लंबे समय से हिस्सा रहा है। नारियल, सरसों, बादाम और अन्य तेलों का इस्तेमाल बालों को मुलायम रखने और स्कैल्प की देखभाल के लिए किया जाता है। लेकिन सवाल यह है कि क्या नियमित रूप से तेल लगाने से झड़ चुके बाल दोबारा उग सकते हैं? विशेषज्ञों के अनुसार, इसका जवाब सीधे तौर पर नहीं है। तेल लगाने से बालों की स्थिति बेहतर हो सकती है, लेकिन यह हर तरह के Hair Loss का इलाज नहीं है।

तेल लगाने से बालों और स्कैल्प में नमी बनी रह सकती है और बालों में घर्षण व टूटने की समस्या कुछ हद तक कम हो सकती है। कुछ तेल बालों की सतह को कोट करके उन्हें कम रूखा और अधिक manageable बना सकते हैं। इससे बाल देखने में घने और स्वस्थ लग सकते हैं। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि तेल बंद हो चुके Hair Follicles को फिर से सक्रिय कर देगा।
बाल झड़ने के पीछे कई कारण हो सकते हैं, जैसे आनुवंशिक गंजापन, हार्मोनल बदलाव, पोषण की कमी, तनाव, थायरॉयड से जुड़ी समस्याएं या स्कैल्प की कुछ बीमारियां। इन स्थितियों में केवल तेल लगाने से मूल समस्या दूर नहीं होती।

विशेषज्ञों के मुताबिक, यदि बाल लगातार तेजी से झड़ रहे हैं, सिर पर पैच बन रहे हैं या Hairline तेजी से पीछे जा रही है, तो कारण की पहचान जरूरी है। सही उपचार Hair Loss के कारण पर निर्भर करता है। इसलिए तेल को Scalp Care और Hair Conditioning का हिस्सा माना जा सकता है, लेकिन इसे नए बाल उगाने वाली दवा या उपचार समझना सही नहीं है।






