15 Best News Portal Development Company In India

मालवीय नगर में वर्षों पुरानी कूड़े की समस्या का समाधान, पोर्टेबल कॉम्पैक्टर ट्रांसफर स्टेशन शुरू

SHARE:

महापौर सुषमा खरकवाल और पार्षद ममता चौधरी ने किया शुभारंभ, कूड़ा संग्रहण और परिवहन होगा व्यवस्थित

राजधानी लखनऊ |लखनऊ के मालवीय नगर वार्ड स्थित बुलाकी अड्डा क्षेत्र में वर्षों से चली आ रही कूड़े और गंदगी की समस्या के समाधान की दिशा में नगर निगम ने कदम उठाया है। मंगलवार को गैस कंपनी के पास पोर्टेबल कॉम्पैक्टर ट्रांसफर स्टेशन का शुभारंभ किया गया। इसका उद्घाटन लखनऊ की महापौर सुषमा खरकवाल और क्षेत्रीय पार्षद ममता चौधरी ने संयुक्त रूप से किया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, बुलाकी अड्डा और आसपास के इलाकों में लंबे समय से कूड़े के ढेर और दुर्गंध की समस्या बनी हुई थी। नियमित कूड़ा उठान और उचित निस्तारण की व्यवस्था नहीं होने के कारण कई बार सड़क किनारे और खाली स्थानों पर कूड़ा जमा हो जाता था। इससे स्थानीय निवासियों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता था।

क्षेत्रीय पार्षद ममता चौधरी ने इस समस्या को संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था के समक्ष लगातार उठाया। उनके प्रयासों के बाद लायन एनवायरौ द्वारा बुलाकी अड्डा क्षेत्र में पोर्टेबल कॉम्पैक्टर ट्रांसफर स्टेशन स्थापित किया गया। इस व्यवस्था से कूड़े के संग्रहण और उसके परिवहन को अधिक व्यवस्थित बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

उद्घाटन के अवसर पर महापौर सुषमा खरकवाल ने कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए प्रभावी कूड़ा प्रबंधन जरूरी है। नगर निगम की प्राथमिकता नागरिकों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना है और इसके लिए आधुनिक कूड़ा प्रबंधन व्यवस्थाओं को बढ़ावा दिया जा रहा है।

वहीं पार्षद ममता चौधरी ने कहा कि बुलाकी अड्डा की समस्या लंबे समय से स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का कारण थी। जनता की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए इसके समाधान के लिए लगातार प्रयास किए गए। उन्होंने कहा कि नए कॉम्पैक्टर ट्रांसफर स्टेशन से क्षेत्र की कूड़ा निस्तारण व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और गणमान्य लोग मौजूद रहे। लोगों ने व्यवस्था शुरू होने पर खुशी जताते हुए महापौर और पार्षद का आभार व्यक्त किया। नागरिकों ने उम्मीद जताई कि स्टेशन के नियमित संचालन से कूड़ा संग्रहण, परिवहन और सफाई व्यवस्था में सुधार होगा तथा क्षेत्र में गंदगी और दुर्गंध की समस्या कम होगी।

रिपोर्ट: अनुराग सिंह, ब्यूरो लखनऊ

Lokseva Bureau
Author: Lokseva Bureau

Leave a Comment