मुख्य अतिथि व विशिष्ट अतिथियों ने सफल खिलाड़ियों को बेल्ट और प्रमाण पत्र देकर किया सम्मानित

वर्ल्ड मॉडर्न शोतोकान कराटे फेडरेशन, रायबरेली द्वारा आयोजित और कराटे एसोसिएशन रायबरेली के मार्गदर्शन में रायबरेली मार्शल आर्ट एकेडमी के खिलाड़ियों के लिए कराटे ग्रेडिंग बेल्ट टेस्ट का आयोजन रविवार को 25वीं वाहिनी पीएसी परिसर स्थित बहुउद्देशीय हॉल में किया गया। बेल्ट परीक्षा में खिलाड़ियों ने उत्साह, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ विभिन्न तकनीकी कौशल का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि 25वीं वाहिनी पीएसी के कमांडेंट लाल भरत कुमार पाल रहे। विशिष्ट अतिथियों में अरविंद श्रीवास्तव, सहायक कमांडेंट अजय यादव, क्वार्टर मास्टर आनंद कुमार तिवारी और सूबेदार मेजर बृजमोहन सिंह मौजूद रहे। सफल खिलाड़ियों को अतिथियों ने नई बेल्ट और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। प्रदर्शन के आधार पर खिलाड़ियों को अगली बेल्ट के लिए पदोन्नत किया गया।
बेल्ट टेस्ट में खिलाड़ियों ने किहोन, काता, शारीरिक दक्षता, मौखिक व लिखित परीक्षा, आत्मरक्षा प्रदर्शन और लाठी संचालन सहित विभिन्न कौशलों का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में फिट इंडिया अभियान के संदेश को भी प्रमुखता दी गई और खिलाड़ियों को नियमित व्यायाम, शारीरिक सक्रियता तथा स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित किया गया।

कराटे एसोसिएशन रायबरेली के अध्यक्ष एवं मुख्य प्रशिक्षक मास्टर राकेश कुमार गुप्ता तथा सचिव आशीष जायसवाल के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने परीक्षा में हिस्सा लिया। सफेद से पीली बेल्ट के लिए माही विश्वकर्मा, सान्वी, अक्षिता, श्रेया सोनी, अभय राज सोनी, गोबिंद यादव, प्रिशा, काजल सिंह, प्रत्यूष गुप्ता, अर्णव यादव, अथर्व यादव और दिव्यांका वर्मा सहित खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।
पीली से नारंगी बेल्ट के लिए आकर्षिका सिंह, जैस्मीन खान, मिष्ठी सिंह, रिया गुप्ता, आराध्या मिश्रा, तनय मिश्रा, अर्तिका मिश्रा और शिवम मौर्या ने परीक्षा दी। वहीं नारंगी से हरी, हरी से नीली, नीली से बैंगनी, मैरून से ब्राउन तृतीय, ब्राउन द्वितीय से ब्राउन प्रथम तथा ब्राउन प्रथम से ब्लैक बेल्ट (शोडान) के लिए भी खिलाड़ियों ने अपनी तकनीकी क्षमता का प्रदर्शन किया। ब्लैक बेल्ट शोडान के लिए प्राणवी शुक्ला और श्रेया कौशल सफल रहीं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में क्षितिंद्र शास्त्री, जितेंद्र सिंह, युवराज सिंह, रितिका गुप्ता, प्रतीक सिंह, रागी सिंह, अविका और आराध्या शुक्ला सहित पदाधिकारियों एवं प्रशिक्षकों का योगदान रहा। अभिभावकों ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। आयोजकों के अनुसार ग्रेडिंग टेस्ट का उद्देश्य खिलाड़ियों की तकनीकी क्षमता का मूल्यांकन कर उन्हें कराटे के अगले स्तर के लिए तैयार करना है।





