15 Best News Portal Development Company In India

वैश्य समाज किसी पार्टी का बंधुआ मतदाता नहीं है: डॉ. सुमंत गुप्ता, रायबरेली में वैश्य एकता परिषद के महासम्मेलन में 2027 चुनाव को लेकर बड़ा संदेश

SHARE:

रायबरेली के रिफॉर्म क्लब में जुटे विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े वैश्य समाज के नेता, बोले- टिकट और राजनीतिक सम्मान देने वाली पार्टी के साथ जाएगा समाज।

रिपोर्ट राकेश कुमार गुप्ता

रायबरेली। उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। इसी बीच रायबरेली में आयोजित वैश्य एकता परिषद के महासम्मेलन ने प्रदेश की राजनीति में वैश्य समाज की भूमिका को लेकर नई चर्चा छेड़ दी है। महासम्मेलन में समाज के नेताओं ने स्पष्ट संकेत दिया कि वैश्य समाज अब किसी एक राजनीतिक दल का परंपरागत या बंधुआ मतदाता बनकर नहीं रहेगा, बल्कि आगामी चुनाव में अपने राजनीतिक हित और सम्मान को प्राथमिकता देगा।

रायबरेली के रिफॉर्म क्लब में आयोजित इस महासम्मेलन में विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े वैश्य समाज के नेता और पदाधिकारी एक मंच पर एकत्रित हुए। सम्मेलन को आगामी विधानसभा चुनाव के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कार्यक्रम में वैश्य समाज की राजनीतिक भागीदारी, प्रतिनिधित्व और विभिन्न दलों में मिल रहे सम्मान को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुमंत गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि वैश्य समाज किसी भी राजनीतिक पार्टी का बंधुआ मतदाता नहीं है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी का उल्लेख करते हुए कहा कि जनसंघ के दौर से ही वैश्य समाज ने पार्टी को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उस समय चुनाव हारने की संभावना के बावजूद समाज के लोगों ने दीपक चुनाव चिह्न के लिए पूरी निष्ठा से काम किया और चुनाव भी लड़ा, ताकि पार्टी मजबूत हो सके।

डॉ. सुमंत गुप्ता ने कहा कि वर्तमान में वैश्य समाज को जिस तरह राजनीतिक रूप से उपेक्षित किया जा रहा है, उससे समाज में नाराजगी है। उन्होंने कहा कि अब समाज ने निर्णय लिया है कि जो भी राजनीतिक दल टिकट देकर वैश्य समाज को उचित सम्मान और प्रतिनिधित्व देगा, समाज उसके साथ खड़ा होने पर विचार करेगा।

उन्होंने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए कहा कि विधान परिषद में समाज को एक भी टिकट नहीं दिया गया। इसके अलावा उत्तर प्रदेश की वैश्य बहुल विधानसभा सीटों पर भी समाज की अपेक्षाओं के अनुरूप प्रतिनिधित्व नहीं मिला। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब वैश्य समाज अन्य राजनीतिक और सामाजिक वर्गों की तरह अपने हितों को ध्यान में रखकर राजनीतिक निर्णय लेगा, चाहे इसके लिए किसी भी पार्टी के साथ जाना पड़े।

परिषद के राष्ट्रीय महासचिव इंजीनियर विजय रस्तोगी ने कहा कि इस महासम्मेलन के माध्यम से समाज आगामी विधानसभा चुनाव में अपनी भूमिका निर्धारित करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि समाज की राजनीतिक भागीदारी और एकजुटता को लेकर आगे सामूहिक निर्णय लिया जाएगा।

महाराजगंज नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रभात साहू ने कहा कि आर्थिक रूप से देश और समाज को मजबूत करने में वैश्य समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। इसके बावजूद राजनीतिक दलों द्वारा समाज की उपेक्षा करना अब महंगा पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि वैश्य समाज अपने हितों की रक्षा के लिए एकजुट होकर अपनी राजनीतिक भूमिका तय करने के लिए तैयार है।

वहीं, परिषद के जिलाध्यक्ष राजकुमार गुप्ता एडवोकेट ने कहा कि आगामी चुनाव में जिले के भीतर एक अलग राजनीतिक माहौल देखने को मिल सकता है। समाज की एकजुटता और राजनीतिक निर्णय विभिन्न दलों के लिए चौंकाने वाले साबित हो सकते हैं।

महासम्मेलन में जिले की विभिन्न नगर पंचायतों के अध्यक्ष एवं प्रतिनिधियों सहित कई जनप्रतिनिधि और सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे। इनमें विनोद कौशल, सरिता साहू के प्रतिनिधि प्रभात साहू, लालगंज नगर पंचायत अध्यक्ष सरिता गुप्ता, ऊंचाहार नगर पंचायत अध्यक्ष ममता जायसवाल और फतेहपुर के विधायक विकास गुप्ता सहित कई प्रमुख नाम शामिल रहे।

इसके अलावा आरबी वैश्य, फूलचंद्र अग्रहरि, अग्रहरि समाज के जिला अध्यक्ष राजेंद्र वैश्य, उत्तर प्रदेश युवा उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष अतुल गुप्ता, दीपेंद्र गुप्ता, चेयरमैन प्रतिनिधि कृष्ण चंद्र जायसवाल, अध्यक्ष प्रतिनिधि डॉ. जेके, महिला जिलाध्यक्ष आराधना कौशल गुप्ता, महिला जिला महामंत्री पूजा, महिला कोषाध्यक्ष सावित्री गुप्ता, वीरेंद्र कुमार अग्रहरि, सुधीर गुप्ता, आलोक गुप्ता एडवोकेट और शिवसागर अग्रहरि सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।

महासम्मेलन के माध्यम से वैश्य एकता परिषद ने स्पष्ट संदेश देने की कोशिश की कि आगामी विधानसभा चुनाव में समाज की राजनीतिक भागीदारी और प्रतिनिधित्व महत्वपूर्ण मुद्दा होगा। अब देखना होगा कि राजनीतिक दल वैश्य समाज की इन मांगों को कितनी गंभीरता से लेते हैं और 2027 के चुनाव में इसका क्या प्रभाव देखने को मिलता है।

Lokseva Bureau
Author: Lokseva Bureau

Leave a Comment

best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई
Explore More