ट्रेड एंड इंडस्ट्री श्रेणी में मिला सम्मान, भारतीय बैंकिंग सेक्टर को नई दिशा देने के लिए उदय कोटक को मिला देश का बड़ा नागरिक सम्मान

भारत के दिग्गज बैंकर और कोटक महिंद्रा बैंक के संस्थापक उदय कोटक को वर्ष 2026 के पद्म भूषण सम्मान से नवाजा गया है। भारत सरकार ने उन्हें ट्रेड एंड इंडस्ट्री श्रेणी में यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया है। पद्म भूषण देश का तीसरा सर्वोच्च नागरिक सम्मान है, जो उत्कृष्ट और विशिष्ट सेवा के लिए दिया जाता है।
उदय कोटक ने भारतीय बैंकिंग और वित्तीय क्षेत्र में एक नया अध्याय लिखा है। उन्होंने 1985 में वित्तीय सेवा व्यवसाय की शुरुआत की, जो आगे चलकर कोटक महिंद्रा बैंक के रूप में उभरा। यह भारत का पहला गैर-बैंकिंग वित्तीय संस्थान (NBFC) था जिसे बैंकिंग लाइसेंस मिला, जिसने भारतीय वित्तीय प्रणाली में बड़ा बदलाव लाया।

उदय कोटक को उनकी दूरदर्शी नेतृत्व क्षमता, आधुनिक बैंकिंग मॉडल, डिजिटल वित्तीय सेवाओं के विस्तार और भारत के बैंकिंग सेक्टर को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए जाना जाता है। उनके नेतृत्व में कोटक महिंद्रा बैंक देश के प्रमुख निजी बैंकों में शामिल हुआ।
पद्म भूषण सम्मान मिलने के बाद देशभर से उन्हें बधाइयां मिल रही हैं। यह सम्मान सिर्फ उदय कोटक की व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि भारतीय बैंकिंग सेक्टर की वैश्विक पहचान का भी प्रतीक माना जा रहा है। हाल ही में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पद्म पुरस्कार समारोह में सम्मानित हस्तियों को अलंकृत किया।






