15 Best News Portal Development Company In India

मां के मकान पर कब्जे का आरोप, हिस्सेदार ने लगाई न्याय की गुहार

SHARE:

किराया बंद कर मकान खाली करने से इनकार, धमकी देने का आरोप

फतेहपुर। बाकरगंज पुलिस चौकी क्षेत्र के मसवानी मोहल्ला स्थित एक मकान को लेकर दो भाइयों के बीच संपत्ति विवाद का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता नफीस अहमद ने अपने सगे भाई रईस अहमद और उनके परिवार पर मां की संपत्ति पर अवैध कब्जा करने तथा हिस्सा मांगने पर धमकी देने का आरोप लगाया है।

नफीस अहमद के अनुसार उनकी मां नजबुन निशा के नाम दर्ज मकान में उनके भाई रईस अहमद रह रहे हैं। उनका दावा है कि मां के निधन के बाद मकान किराये पर दिया गया था, लेकिन अब न तो किराया दिया जा रहा है और न ही मकान खाली किया जा रहा है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि हिस्सा मांगने पर उन्हें घर से भगा दिया जाता है और विभिन्न प्रकार की धमकियां दी जाती हैं।

शिकायतकर्ता ने बताया कि मकान का हाउस टैक्स अब भी उनकी मां नजबुन निशा के नाम दर्ज है। हाल ही में उनके बेटे द्वारा नगर पालिका में टैक्स जमा कराया गया, जिसकी रसीद उनके पास मौजूद है। उनका दावा है कि संपत्ति से जुड़े मूल दस्तावेज भी उनके पास सुरक्षित हैं।

नफीस अहमद का कहना है कि इस मामले से जुड़े कुछ लोगों के खिलाफ पूर्व में थाना बाकरगंज में एक एफआईआर भी दर्ज की गई थी, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि मकान में अन्य किरायेदार रखने या किसी प्रकार का निर्माण कार्य कराने में भी बाधाएं उत्पन्न की जा रही हैं।

वर्तमान में लखनऊ में मजदूरी कर जीवनयापन कर रहे नफीस अहमद का कहना है कि उक्त मकान उनके परिवार का प्रमुख सहारा है। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कराकर संपत्ति में उनका वैधानिक हिस्सा दिलाने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

शिकायतकर्ता ने पुलिस अधीक्षक फतेहपुर और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 से हस्तक्षेप की मांग करते हुए मामले में न्याय दिलाने की अपील की है।

नोट: समाचार में वर्णित आरोप शिकायतकर्ता के दावों पर आधारित हैं। संबंधित पक्षों की प्रतिक्रिया और प्रशासनिक जांच के बाद तथ्य स्पष्ट होंगे।

Lokseva Bureau
Author: Lokseva Bureau

Leave a Comment

best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई
Explore More