‘भारत की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था पर हमारी नजर’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले सप्ताह न्यूजीलैंड की अपनी पहली आधिकारिक यात्रा पर जाने वाले हैं। इस दौरे से पहले न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने भारत की बढ़ती आर्थिक ताकत को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने भारत को दुनिया की सबसे बड़ी और तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक बताते हुए कहा कि भारत न्यूजीलैंड की आर्थिक समृद्धि के लिए बेहद महत्वपूर्ण देश है।

रिपोर्टों के मुताबिक, पीएम मोदी 10 जुलाई को ऑकलैंड पहुंचेंगे और 11 जुलाई को रवाना होंगे। यह यात्रा इसलिए भी ऐतिहासिक मानी जा रही है क्योंकि करीब चार दशकों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की न्यूजीलैंड की यह पहली आधिकारिक यात्रा होगी।

इस दौरान दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, समुद्री सुरक्षा, शिक्षा, तकनीक, पर्यटन, खेल और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है। हाल में हुए भारत-न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौते के बाद इस यात्रा को आर्थिक संबंधों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। न्यूजीलैंड का मानना है कि भारत की विशाल बाजार क्षमता और तेज आर्थिक विकास उसके व्यापार और भविष्य की समृद्धि के लिए नए अवसर खोल सकता है।






