पुराना मोबाइल नंबर बंद हो गया है या ऑनलाइन अपडेट नहीं हो रहा? आधार सेवा केंद्र या अधिकृत अपडेट सेंटर जाकर बदलवा सकते हैं नंबर

यूटिलिटी डेस्क: आधार कार्ड से लिंक मोबाइल नंबर कई जरूरी सेवाओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। बैंकिंग, सरकारी योजनाओं और आधार से जुड़ी ऑनलाइन सुविधाओं में OTP के लिए रजिस्टर्ड नंबर की जरूरत पड़ती है। ऐसे में अगर पुराना नंबर बंद हो गया है या आपके पास उसका एक्सेस नहीं है, तो मोबाइल नंबर अपडेट कराना जरूरी हो जाता है।
Unique Identification Authority of India यानी UIDAI के अनुसार, अगर पुराने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर तक पहुंच नहीं है, तो आधार धारक नजदीकी Aadhaar Seva Kendra या अधिकृत Aadhaar Enrolment/Update Centre पर जाकर नया नंबर दर्ज करा सकता है। ऐसे मामलों में पुराने मोबाइल नंबर की जरूरत नहीं होती।
केंद्र पर आधार अपडेट अनुरोध दर्ज किया जाता है और पहचान सत्यापन की निर्धारित प्रक्रिया पूरी की जाती है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद आवेदक को एक पावती दी जाती है, जिसकी मदद से अपडेट की स्थिति ट्रैक की जा सकती है।

इसलिए अगर आप घर बैठे आधार से लिंक मोबाइल नंबर नहीं बदल पा रहे हैं, तो नजदीकी आधार अपडेट केंद्र जाना आसान विकल्प है। जाने से पहले केंद्र की जानकारी और अपडेट प्रक्रिया आधिकारिक पोर्टल पर जरूर जांच लें।






