पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश, कार्यकर्ताओं से एक-एक पौधा लगाने की अपील।

सीतापुर जनपद के मिश्रिख क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान का उद्घाटन हिंदू रक्षा वाहिनी संगठन के प्रदेश महासचिव शिवम राठौर की उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर मिश्रिख विधायक एवं पूर्व मंत्री रामकृष्ण भार्गव, मिश्रिख क्षेत्र के सांसद एवं भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अशोक कुमार रावत के प्रतिनिधि राजकुमार सोनी सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने संयुक्त रूप से पौधारोपण कर अभियान की शुरुआत की।
कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वक्ताओं ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि प्रत्येक व्यक्ति कम से कम एक पौधा अपनी मां के सम्मान में अवश्य लगाए और उसकी नियमित देखभाल भी करे।
इस दौरान क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और हिंदू रक्षा वाहिनी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया और अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
हिंदू रक्षा वाहिनी संगठन की ओर से कार्यकर्ताओं से अनुरोध किया गया कि वे ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को सफल बनाने के लिए अपने-अपने क्षेत्रों में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं तथा पौधारोपण की तस्वीर संगठन के निर्धारित समूह में साझा करें, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ा जा सके।

संगठन के प्रदेश अध्यक्ष नितेश कुमार शुक्ला ने भी अभियान को जन आंदोलन बनाने की अपील करते हुए कहा कि पौधारोपण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख रामकिंकर पांडे, स्थानीय जनप्रतिनिधियों तथा अन्य सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों की भी सक्रिय भागीदारी रही।





