3 अगस्त तक भर सकेंगे फॉर्म, 29 सितंबर को प्रस्तावित परीक्षा।

उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद (UBSE) ने उत्तराखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (UTET) 2026 का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इसके साथ ही ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। राज्य के सरकारी और सहायता प्राप्त विद्यालयों में प्राथमिक (कक्षा 1-5) एवं उच्च प्राथमिक (कक्षा 6-8) स्तर पर शिक्षक बनने के इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित तिथि तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार ऑनलाइन आवेदन 14 जुलाई 2026 से शुरू हो चुके हैं, जबकि आवेदन करने की अंतिम तिथि 3 अगस्त 2026 (रात 11:59 बजे) निर्धारित की गई है। अभ्यर्थी 6 अगस्त 2026 तक परीक्षा शुल्क जमा कर सकेंगे। आवेदन पत्र में त्रुटि सुधार (Correction Window) 8 से 11 अगस्त 2026 तक खुली रहेगी। UTET 2026 की प्रस्तावित परीक्षा 29 सितंबर 2026 को आयोजित की जाएगी।
आवेदन शुल्क की बात करें तो सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए एक पेपर (UTET-I या UTET-II) का शुल्क ₹600 तथा दोनों पेपर के लिए ₹1000 निर्धारित किया गया है। वहीं एससी/एसटी वर्ग के उम्मीदवारों को एक पेपर के लिए ₹300 और दोनों पेपर के लिए ₹500 शुल्क देना होगा। शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से किया जा सकेगा।
UTET-I उन अभ्यर्थियों के लिए है जो कक्षा 1 से 5 तक के शिक्षक बनना चाहते हैं, जबकि UTET-II कक्षा 6 से 8 तक के शिक्षकों के लिए आयोजित किया जाता है। अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले अपनी शैक्षणिक योग्यता और पात्रता संबंधी सभी शर्तों की जांच कर लेनी चाहिए, क्योंकि आवेदन में किसी भी प्रकार की त्रुटि होने पर अभ्यर्थी की उम्मीदवारी प्रभावित हो सकती है।

उम्मीदवार आधिकारिक पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं और विस्तृत अधिसूचना, पात्रता, परीक्षा पैटर्न तथा अन्य दिशा-निर्देश भी देख सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि नजदीक होने के कारण अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम समय की भीड़ से बचने के लिए समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।





