‘दीपके कचौड़ी खा सकते हैं, मैं बर्गर खाऊं तो हटा दिया’—पूर्व प्रवक्ता का संगठन पर निशाना

CJP (Cockroach Janta Party) के पूर्व प्रवक्ता विजेता दहिया ने संगठन से हटाए जाने के बाद नेतृत्व पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि आंदोलन के लिए उन्होंने लगातार दो रात तक नींद नहीं ली, दिन-रात मेहनत की और “हड्डियां गला दीं”, लेकिन एक वायरल वीडियो के बाद उन्हें संगठन से बाहर कर दिया गया।
विजेता दहिया ने अपने बयान में कहा कि, “अगर दीपके कचौड़ी खा सकते हैं, तो मुझे बर्गर खाने पर क्यों निकाला गया?” उनका आरोप है कि उन्हें पूरे विवाद में “बलि का बकरा” बनाया गया। दहिया का कहना है कि उन्होंने आंदोलन के दौरान अपनी पूरी क्षमता से काम किया, लेकिन संगठन ने उनका पक्ष सुने बिना कार्रवाई कर दी।

इससे पहले जंतर-मंतर के पास एक बर्गर आउटलेट में विजेता दहिया का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो सामने आने के बाद CJP ने उनके व्यवहार को आंदोलन के मूल्यों के विपरीत बताते हुए उन्हें प्रवक्ता पद से हटाने और सभी आधिकारिक जिम्मेदारियों से मुक्त करने की घोषणा की थी। वहीं दहिया का कहना था कि वह प्रदर्शन में शामिल होने के बाद भूख लगने पर खाना खाने गए थे।

विजेता दहिया के ताजा बयान के बाद CJP के भीतर मतभेदों और संगठन की आंतरिक कार्यशैली को लेकर नई बहस छिड़ गई है। हालांकि, संगठन की ओर से उनके नए आरोपों पर अभी तक कोई विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

