तिरंगे से सजी साइकिलों के साथ जवानों ने दिया एकता और देशभक्ति का संदेश

लखनऊ में स्वतंत्रता दिवस-2026 के अवसर पर देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश देने के लिए 93वीं वाहिनी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल यानी CRPF की ओर से साइकिल रैली का आयोजन किया गया। ‘वंदे मातरम्’ थीम के तहत आयोजित यह कार्यक्रम 7 से 15 अगस्त तक चल रहे स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रमों की श्रृंखला का हिस्सा रहा।
13 अगस्त को आयोजित साइकिल रैली में 93वीं वाहिनी CRPF, आशियाना मुख्यालय के अधिकारियों और जवानों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। तिरंगे झंडों से सुसज्जित साइकिलों के साथ जवानों ने आशियाना स्थित मुख्यालय से रैली की शुरुआत की। रैली सेक्टर-एम, सेक्टर-जी, पावर हाउस चौराहा और पराग चौराहा समेत आसपास के विभिन्न आवासीय क्षेत्रों से होकर गुजरी।

रैली के दौरान जवानों ने स्थानीय नागरिकों को राष्ट्रीय एकता, भाईचारे, राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति के प्रति जागरूक किया। आयोजन का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस समारोह में आम लोगों की भागीदारी बढ़ाना और राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना को मजबूत करना रहा।
93वीं वाहिनी CRPF की यह पहल ‘वंदे मातरम्’ की भावना के साथ राष्ट्र के प्रति समर्पण, एकता और गौरव का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास रही। रैली ने स्वतंत्रता दिवस से पहले लखनऊ में देशभक्ति का माहौल और मजबूत किया।






