15 Best News Portal Development Company In India

लखनऊ में 53,400 किशोरियों को लगा HPV टीका, 59 हजार का लक्ष्य निर्धारित

SHARE:

क्वीन मेरी अस्पताल में विशेष टीकाकरण शिविर, सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम पर जोर

राजधानी लखनऊ | सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम की दिशा में स्वास्थ्य विभाग की ओर से लखनऊ में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों के लिए विशेष ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (HPV) टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 25 अगस्त 2026 को क्वीन मेरी अस्पताल में निःशुल्क HPV टीकाकरण शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्घाटन प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. अंजू अग्रवाल ने किया। इस दौरान 16 पात्र किशोरियों को HPV का टीका लगाया गया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.बी. सिंह ने बताया कि जनपद में पात्र किशोरियों के HPV टीकाकरण को प्राथमिकता दी जा रही है। शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिल्वर जुबली के सहयोग से क्वीन मेरी अस्पताल में यह विशेष शिविर आयोजित किया गया।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों के लिए तीन माह का विशेष HPV टीकाकरण अभियान अप्रैल 2026 से शुरू किया गया था। राज्य स्तर से लखनऊ जिले के लिए 59 हजार किशोरियों के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इसके सापेक्ष अब तक 53,400 किशोरियों का टीकाकरण किया जा चुका है।

स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर कार्यदिवसों में प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा पात्र किशोरियों को HPV का टीका लगाया जा रहा है। विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की पात्र किशोरियों का निर्धारित समय पर टीकाकरण जरूर कराएं। विभाग के अनुसार, समय पर HPV टीकाकरण भविष्य में HPV संक्रमण और उससे जुड़े सर्वाइकल कैंसर के जोखिम को कम करने में मदद कर सकता है।

डॉ. अंजू अग्रवाल ने कहा कि HPV टीकाकरण सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के महत्वपूर्ण माध्यमों में से एक है। उन्होंने अभिभावकों से किशोरियों के टीकाकरण के प्रति जागरूक रहने और निर्धारित समय पर टीका लगवाने की अपील की।

शिविर में उप जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. विनय कुमार, सिल्वर जुबली की प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रियंका यादव और उनकी टीम के साथ क्वीन मेरी अस्पताल के चिकित्सक एवं पैरामेडिकल स्टाफ मौजूद रहे।

रिपोर्ट: अनुराग सिंह, ब्यूरो लखनऊ

Lokseva Bureau
Author: Lokseva Bureau

Leave a Comment