जांच में सामने आया नया दावा, बेन गुरियन एयरपोर्ट या तेल अवीव की इमारत को निशाना बनाने की थी कथित योजना

दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में हुई हाईजैक की कोशिश को लेकर जांच में नए दावे सामने आए हैं। ओमानी को-पायलट हमाम अल-हमामी पर आरोप है कि उसने उड़ान के दौरान भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार पर हमला कर विमान का नियंत्रण लेने की कोशिश की थी। विमान में 174 यात्री सवार थे और घटना के बाद विमान को सऊदी अरब के तबुक में आपात लैंडिंग करानी पड़ी।

हमाम का कथित निशाना क्या था?
जांच से जुड़े अधिकारियों के अनुसार, अल-हमामी ने कथित तौर पर विमान को सिर्फ यात्रियों की जान लेने के लिए नहीं, बल्कि किसी बड़े लक्ष्य से टकराने की योजना बनाई थी। रिपोर्टों में बेन गुरियन एयरपोर्ट के टर्मिनल और तेल अवीव की प्रमुख इमारतों को संभावित निशाने के तौर पर बताया गया है। हालांकि, इन दावों की जांच अभी जारी है और अलग-अलग रिपोर्टों में संभावित लक्ष्य को लेकर अंतर है।

174 यात्रियों की जान कैसे बची?
उड़ान के दौरान कैप्टन स्मित मच्छार पर हमला किया गया। घायल होने के बावजूद उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोलने में सफलता हासिल की, जिससे यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को अंदर पहुंचकर हमलावर को काबू करने का मौका मिला। विमान तेजी से हजारों फीट नीचे आया, लेकिन बाद में दूसरे क्रू सदस्यों ने नियंत्रण संभाला और विमान की सुरक्षित आपात लैंडिंग कराई गई। क्या हमाम अकेले काम कर रहा था?
फिलहाल जांच एजेंसियों की शुरुआती समझ है कि यह लोन-वुल्फ हमला हो सकता है। इजरायली अधिकारियों के मुताबिक अभी तक आरोपी के किसी संगठन या सरकार से संबंध की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि, उसकी पृष्ठभूमि, कथित कट्टरपंथी विचारों और हमले की पूर्व योजना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच जारी है।
अल-हमामी की कथित योजना को लेकर यह भी जांच हो रही है कि उसने फ्लाईदुबई में नौकरी पाने और तेल अवीव जाने वाली उड़ानों तक पहुंच बनाने के लिए जानबूझकर यह रास्ता चुना था या नहीं।

