कल प्रियंका गांधी समेत विपक्षी नेताओं ने करीब 8 घंटे दिया था धरना, आज फिर प्रदर्शन की तैयारी

कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी बुधवार को जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन के लिए रवाना हुए। उनके साथ विपक्षी दलों के सांसद भी मौजूद हैं। प्रदर्शन के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्ष अपना विरोध दर्ज करा रहा है।
राहुल गांधी ने क्या कहा?

राहुल गांधी ने कहा कि ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना होगा। विपक्षी सांसद चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दों और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर लगातार सवाल उठा रहे हैं। विपक्ष की ओर से SIR को वापस लेने की मांग भी की जा रही है।
कल प्रियंका गांधी के साथ दिया था धरना
इससे पहले मंगलवार को राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत INDIA ब्लॉक के कई सांसदों ने चुनाव आयोग के कार्यालय की ओर मार्च किया था। पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद राहुल और प्रियंका समेत कुछ अन्य नेता आकाशवाणी भवन परिसर में धरने पर बैठ गए थे।
रिपोर्टों के मुताबिक, यह धरना करीब आठ घंटे तक चला। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य नेताओं को हिरासत में लिया था।
विपक्ष की प्रमुख मांगें

विपक्षी दल मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे के अलावा SIR को लेकर भी सवाल उठा रहे हैं। राहुल गांधी ने चुनाव आयोग से विपक्षी सांसदों को मिलने की मांग की है। विपक्ष का कहना है कि चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूचियों से जुड़े मुद्दों पर चुनाव आयोग को जवाब देना चाहिए।
आज का प्रदर्शन पिछले दिनों से जारी विपक्ष के विरोध अभियान की अगली कड़ी के तौर पर देखा जा रहा है।

