कुशीनगर में सीएम योगी का बड़ा ऐलान, बोले- कभी जंगल पार्टी का था आतंक, अब विकास और विरासत की नई पहचान बनेगा क्षेत्र

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कुशीनगर के फाजिल नगर को नई पहचान देने की दिशा में बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि फाजिल नगर का नाम बदलकर भगवान महावीर से संबंधित नाम रखा जाएगा, जिससे इस क्षेत्र की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को नई पहचान मिल सके।

एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि यह क्षेत्र जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर से जुड़ा हुआ है। ऐसे में यहां की ऐतिहासिक विरासत को सम्मान देने के लिए नाम परिवर्तन का निर्णय लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश के धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों को उनकी वास्तविक पहचान दिलाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
सीएम योगी ने अपने संबोधन में विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था जब इस क्षेत्र में “जंगल पार्टी” का आतंक हुआ करता था और कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब थी। लेकिन आज प्रदेश में कानून का राज है और विकास की नई गाथा लिखी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब विरासत, विकास और सुरक्षा के नए मॉडल के रूप में आगे बढ़ रहा है तथा सरकार जनता की भावनाओं के अनुरूप निर्णय लेने के लिए प्रतिबद्ध है।




