चार रेलवे मल्टी-ट्रैकिंग प्रोजेक्ट और बिहार में 4-लेन हाईवे को मंजूरी

केंद्र सरकार ने इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने की दिशा में बड़ा फैसला लिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार, 19 अगस्त 2026 को हुई कैबिनेट बैठक में कुल 13,041 करोड़ रुपये की लागत वाली चार रेलवे मल्टी-ट्रैकिंग परियोजनाओं और एक हाईवे प्रोजेक्ट को मंजूरी दी गई। सरकार के मुताबिक इन परियोजनाओं का उद्देश्य रेल और सड़क कनेक्टिविटी बढ़ाना, माल ढुलाई की क्षमता सुधारना और प्रमुख रूटों पर ट्रैफिक दबाव कम करना है।

रेलवे से जुड़े चारों प्रोजेक्ट पर करीब 9,450 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इनमें हावड़ा-चेन्नई मुख्य रेल मार्ग के महत्वपूर्ण हिस्सों को अपग्रेड किया जाएगा। खड़गपुर-भद्रक सेक्शन में चौथी लाइन के लिए 3,352 करोड़ रुपये और भद्रक-हरिदासपुर सेक्शन में चौथी लाइन के लिए 1,583 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इसके अलावा गुम्मिडिपुंडी-गुडूर सेक्शन में तीसरी और चौथी लाइन तथा कटक-पारादीप सेक्शन में भी अतिरिक्त रेल लाइनों को मंजूरी मिली है। इन परियोजनाओं से माल ढुलाई की क्षमता बढ़ने और ट्रेनों की आवाजाही आसान होने की उम्मीद है।

सड़क क्षेत्र में कैबिनेट ने बिहार के मुजफ्फरपुर-सितामढ़ी-सोनबरसा कॉरिडोर पर करीब 82.6 किलोमीटर लंबे NH-22 हिस्से को चार लेन में विकसित करने के लिए लगभग 3,591 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। यह परियोजना बिहार की कनेक्टिविटी को बेहतर करने के साथ नेपाल सीमा की ओर आवागमन और व्यापार को भी आसान बनाने में मदद करेगी।
सरकार का कहना है कि इन परियोजनाओं से यात्री और माल परिवहन दोनों की क्षमता बढ़ेगी और देश के महत्वपूर्ण आर्थिक क्षेत्रों के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होगी।






