नितिन नवीन, स्मृति ईरानी और विनोद तावड़े को मिली जिम्मेदारी

भारतीय जनता पार्टी ने देश की युवा पीढ़ी, खासकर Gen-Z और पहली बार मतदान करने वाले युवाओं से जुड़ाव मजबूत करने के लिए विशेष आउटरीच टीम बनाई है। पार्टी की इस पहल का उद्देश्य युवाओं की सोच, उनकी प्राथमिकताओं और रोजगार, शिक्षा समेत उनसे जुड़े मुद्दों को समझना और उनके साथ सीधे संवाद को बढ़ाना है। टीम में बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन के अलावा स्मृति ईरानी, विनोद तावड़े, गुजरात के डिप्टी सीएम हर्ष सांघवी और छत्तीसगढ़ के मंत्री ओपी चौधरी समेत कई नेताओं को शामिल किया गया है।

बीजेपी की यह रणनीति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस निर्देश के बाद सामने आई है, जिसमें पार्टी नेताओं और केंद्रीय मंत्रियों से युवाओं के बीच जाकर उनसे संवाद करने और उनकी समस्याओं को समझने पर जोर दिया गया था। पार्टी का फोकस खास तौर पर सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सक्रिय युवा मतदाताओं तक पहुंच बढ़ाने पर भी है।

इसी बीच बीजेपी ने वंदे मातरम को लेकर कांग्रेस के खिलाफ भी प्रस्ताव पारित किया है। कांग्रेस कार्यसमिति ने हाल में 1937 के ऐतिहासिक निर्णय का हवाला देते हुए अपने कार्यक्रमों में गीत के शुरुआती दो अंतरे ही गाने का फैसला किया था। बीजेपी ने इस फैसले की आलोचना करते हुए कहा कि वंदे मातरम के सम्मान से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाना चाहिए।
बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने कांग्रेस के फैसले पर तीखी प्रतिक्रिया भी दी है। दोनों दलों के बीच इस मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। ऐसे में Gen-Z आउटरीच और वंदे मातरम का मुद्दा आने वाले दिनों में बीजेपी-कांग्रेस के बीच सियासी बहस का प्रमुख विषय बन सकता है।






