सरोजनीनगर में लेखपालों ने थाना समाधान दिवस का बहिष्कार कर किया धरना-प्रदर्शन

राजधानी लखनऊ | अयोध्या की तहसील सोहावल में लेखपाल के खिलाफ हुई एंटी करप्शन ट्रैप कार्रवाई के विरोध में उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ ने प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू कर दिया है। संघ के आह्वान पर प्रदेश के 75 जिलों की 351 तहसीलों में लेखपालों ने एक दिवसीय कलमबंद हड़ताल और थाना समाधान दिवस का बहिष्कार किया। लखनऊ के सरोजनीनगर में भी लेखपाल संघ के पदाधिकारियों और सदस्यों ने थाना समाधान दिवस का बहिष्कार कर धरना-प्रदर्शन किया।
संघ के मुताबिक, 20 अगस्त को अयोध्या की सोहावल तहसील में लेखपाल उत्कर्षदीप के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एसीओ) की टीम ने ट्रैप कार्रवाई की थी। लेखपाल संघ ने इस कार्रवाई को गलत, फर्जी और दुर्भावनापूर्ण बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। संघ का आरोप है कि कार्रवाई से पहले शिकायतकर्ता की पृष्ठभूमि और संभावित रंजिश की पर्याप्त जांच नहीं की गई। वायरल वीडियो और सीसीटीवी फुटेज को लेकर भी संघ ने सवाल उठाए हैं। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।

सरोजनीनगर लेखपाल संघ के अध्यक्ष सुधीर कुमार शर्मा ने कहा कि राजस्व लेखपाल गांव-गांव जाकर पैमाइश, अतिक्रमण और भूमि विवाद जैसे महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार का समर्थन नहीं किया जाएगा, लेकिन यदि कोई निर्दोष कर्मचारी गलत कार्रवाई में फंसता है तो इसे स्वीकार नहीं किया जा सकता।
संघ ने पूरे मामले की स्वतंत्र और उच्चस्तरीय जांच, ट्रैप प्रक्रिया और उपलब्ध साक्ष्यों की समीक्षा, तथा शिकायत तथ्यहीन पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है। प्रदर्शन में आनंद प्रकाश तिवारी, नीतू यादव, आशीष कुमार, अमृतांजलि सिंह, विश्राम, सतेन्द्र कुमार, ललितेश सिंह, बृजभान सिंह, आशीष अवस्थी और ओम प्रकाश गोंड समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट: अनुराग सिंह, ब्यूरो लखनऊ






