15 Best News Portal Development Company In India

लखनऊ में कांग्रेस का जातिगत जनगणना पर हमला, OBC कॉलम जोड़ने की मांग

SHARE:

राजेंद्र पाल गौतम बोले- OBC को हिस्सेदारी से दूर करने की कोशिश कर रही सरकार

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय, नेहरू भवन में 21 अगस्त को आयोजित प्रेसवार्ता में कांग्रेस नेताओं ने जातिगत जनगणना के फॉर्म में OBC वर्ग के लिए अलग कॉलम नहीं होने का मुद्दा उठाया। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के यूपी प्रभारी एवं पूर्व मंत्री राजेंद्र पाल गौतम और पिछड़ा वर्ग विभाग के राष्ट्रीय चेयरमैन डॉ. अनिल जयहिंद ने केंद्र सरकार से जातिगत जनगणना के नोटिफिकेशन में संशोधन की मांग की।

राजेंद्र पाल गौतम ने आरोप लगाया कि जातिगत जनगणना फॉर्म में SC/ST के लिए कॉलम है, लेकिन OBC के लिए अलग कॉलम नहीं दिया गया है। उनके अनुसार, इससे OBC समाज की वास्तविक संख्या का आकलन प्रभावित हो सकता है। उन्होंने मांग की कि दोबारा नोटिफिकेशन जारी कर OBC की सभी जातियों को शामिल करने के लिए स्पष्ट ड्रॉप-डाउन कॉलम बनाया जाए।

उन्होंने तेलंगाना में अपनाए गए मॉडल का उदाहरण देते हुए कहा कि एक ही जाति के अलग-अलग टाइटल के कारण आंकड़ों में भ्रम की स्थिति पैदा हो सकती है। इसलिए प्रत्येक जाति और उसके संबंधित टाइटल को एक विशेष नंबर के जरिए दर्ज करने की व्यवस्था की जानी चाहिए।

डॉ. अनिल जयहिंद ने कहा कि OBC वर्ग की सही गणना के लिए वैज्ञानिक और व्यवस्थित प्रक्रिया जरूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि OBC कॉलम नहीं होने से सामाजिक, आर्थिक, रोजगार और राजनीतिक भागीदारी से जुड़े आंकड़े प्रभावित हो सकते हैं। उन्होंने राहुल गांधी द्वारा समर्थित सामाजिक, आर्थिक, शैक्षिक, रोजगार और राजनीतिक भागीदारी आधारित मॉडल की आवश्यकता पर जोर दिया।

प्रेसवार्ता में कांग्रेस नेताओं ने सरकार से जातिगत जनगणना की प्रक्रिया में OBC वर्ग को स्पष्ट रूप से शामिल करने और केंद्र व राज्य की सूचियों के अनुसार जातियों की गणना कराने की मांग की। कार्यक्रम में जगदीश चंद्र जांगीड़, डॉ. सीपी राय, मनोज यादव, डॉ. उमा शंकर पांडेय, प्रियंका गुप्ता, सचिन रावत और डॉ. राजकुमार मौर्या सहित कई नेता मौजूद रहे।

रिपोर्ट: अनुराग सिंह, ब्यूरो लखनऊ

Lokseva Bureau
Author: Lokseva Bureau

Leave a Comment