15 Best News Portal Development Company In India

लखनऊ में विवाहिता की मौत के मामले में पति और सास गिरफ्तार, दहेज प्रताड़ना का आरोप

SHARE:

ठाकुरगंज पुलिस ने सकरी पुलिया के पास से दोनों को पकड़ा, अन्य आरोपियों की तलाश जारी

लखनऊ के ठाकुरगंज थाना क्षेत्र में विवाहिता कोमल की मौत के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसके पति और सास को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मृतका की मां अनीता वर्मा, पत्नी पुत्तन वर्मा, निवासी हाजीपुर पोस्ट बक्शी का तालाब, थाना बक्शी का तालाब, लखनऊ ने 18 अगस्त 2026 को ठाकुरगंज थाने में तहरीर दी थी।

शिकायत के मुताबिक, 17 अगस्त को कोमल, उम्र करीब 30 वर्ष, ने फोन कर अपनी मां को बताया था कि उसके पति जितेंद्र कुमार द्वारा सुबह से उसके साथ मारपीट की जा रही है और जान से मारने की धमकी दी जा रही है। मृतका की मां ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष द्वारा दहेज की मांग को लेकर उनकी बेटी को आए दिन प्रताड़ित किया जाता था। सूचना मिलने के बाद वह अपने पति के साथ बेटी के ससुराल पहुंचीं, जहां कोमल बेसुध अवस्था में पड़ी मिली। परिजन उसे ट्रामा सेंटर लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मामले में ठाकुरगंज थाने में मु0अ0सं0-0545/2026 दर्ज किया गया। मुकदमा धारा 80(2), 85, 115(2), 352, 351(3) बीएनएस और धारा 3/4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत दर्ज हुआ। मुकदमे में पति जितेंद्र कुमार, सास लीला, जेठानी उमा देवी, जेठ करन, ननद प्रीति और रेशमा को नामजद किया गया।

पुलिस ने नामजद आरोपियों की तलाश में सुरागरसी और पतारसी शुरू की। इसी क्रम में 19 अगस्त 2026 को शाम करीब 5 बजे ठाकुरगंज थाना क्षेत्र स्थित सकरी पुलिया, धोबी घाट माधोपुर के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में जितेंद्र कुमार पुत्र स्वर्गीय लाला राम, निवासी कन्हैया माधोपुर बेगरिया, थाना ठाकुरगंज, लखनऊ, उम्र 34 वर्ष और लीला पत्नी स्वर्गीय लाला राम, निवासी कन्हैया माधोपुर बेगरिया, थाना ठाकुरगंज, लखनऊ, उम्र 56 वर्ष शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक, मामले में शामिल अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। मामले की जांच जारी है और पुलिस उपलब्ध साक्ष्यों एवं घटनाक्रम के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक ओमवीर सिंह चौहान, उपनिरीक्षक मुदित राय प्रभारी चौकी भूहर, उपनिरीक्षक शुभम सिंह प्रभारी चौकी गऊघाट, उपनिरीक्षक जोगेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक दीपक कुमार, कांस्टेबल जितेंद्र सिंह, कांस्टेबल शैलेश कुमार और महिला कांस्टेबल मीनाक्षी, थाना ठाकुरगंज शामिल रहे।

Lokseva Bureau
Author: Lokseva Bureau

Leave a Comment