कोहली के प्रवक्ता ने आरोपों को बताया पूरी तरह झूठा, कहा- गहरी आस्था और श्रद्धा के चलते जाते हैं महाराज से मिलने

भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली और प्रेमानंद महाराज की मुलाकातों को लेकर सामने आए पांच करोड़ रुपये के दावे पर अब कोहली की तरफ से पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। विराट कोहली के प्रवक्ता ने उन आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है, जिनमें दावा किया गया था कि उन्हें प्रेमानंद महाराज के आश्रम में पहली बार जाने के लिए पांच करोड़ रुपये दिए गए थे।
क्या है 5 करोड़ रुपये का मामला?

यह दावा फलाहारी महाराज के नाम से चर्चित दिनेश शर्मा की ओर से किया गया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि राजस्थान की एक निजी कंपनी और प्रॉपर्टी बिल्डर लॉबी ने विराट कोहली को प्रेमानंद महाराज के आश्रम में पहली बार ले जाने के लिए पांच करोड़ रुपये खर्च किए थे। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और सार्वजनिक रूप से ऐसा कोई भुगतान रिकॉर्ड या अन्य प्रमाण सामने नहीं आया है, जिससे आरोप साबित हो सके।
विराट कोहली की टीम ने क्या कहा?
विराट कोहली के प्रवक्ता ने बयान जारी कर कहा कि दिनेश शर्मा की ओर से लगाए गए दावे पूरी तरह झूठे, निराधार और तथ्यात्मक रूप से गलत हैं। प्रवक्ता के मुताबिक, विराट कोहली प्रेमानंद महाराज से अपनी गहरी आस्था और श्रद्धा के कारण मिलते हैं। टीम ने मीडिया से भी ऐसे दावों को प्रकाशित या आगे बढ़ाने से पहले तथ्यों की जांच करने की अपील की है।
विराट-अनुष्का कई बार जा चुके हैं आश्रम

विराट कोहली और उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा जनवरी 2023 में पहली बार वृंदावन स्थित प्रेमानंद महाराज के आश्रम पहुंचे थे। इसके बाद दोनों कई बार महाराज से मिलने और आशीर्वाद लेने के लिए वहां जा चुके हैं। फिलहाल पांच करोड़ रुपये से जुड़े आरोपों को लेकर कोई सार्वजनिक प्रमाण सामने नहीं आया है, जबकि विराट कोहली की टीम ने इन्हें स्पष्ट रूप से खारिज कर दिया है।

