बरगद और पीपल के पेड़ गिरने से तीन मकान क्षतिग्रस्त, तेज आंधी से इलाके में दहशत का माहौल

छ त्तीसगढ़ के Korba जिले में बुधवार को आए तेज आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचाई। जिले के कुसमुंडा क्षेत्र में तेज हवाओं के कारण विशाल बरगद और पीपल के पेड़ उखड़कर तीन घरों पर गिर पड़े। हादसे के समय घरों में मौजूद परिवारों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
स्थानीय लोगों के मुताबिक अचानक मौसम बदलने के बाद तेज हवाएं चलने लगीं, जिसके चलते कई पेड़ जड़ से उखड़ गए। कुसमुंडा इलाके में गिरे पेड़ों से मकानों की छत और दीवारों को भारी नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पेड़ गिरने की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि परिवारों का काफी सामान क्षतिग्रस्त हो गया।

सूचना मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन और नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची। जेसीबी और मशीनों की मदद से पेड़ों को हटाने का काम शुरू किया गया। प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया है।
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी तेज आंधी और बारिश की संभावना जताई है, जिसके चलते लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।






