सुल्तानपुर हाईवे पर तड़के हुआ दर्दनाक हादसा, क्रेन से निकाले गए शव

लखनऊ में शनिवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में चार मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा सुल्तानपुर हाईवे पर गंगागंज के पास सुबह करीब 4:45 बजे हुआ। ईंटों से लदी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसके नीचे चार मजदूर दब गए। हादसे की सूचना मिलते ही गोसाईंगंज पुलिस, फायर सर्विस और एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंची।
राहत और बचाव टीम ने क्रेन की मदद से ट्रैक्टर-ट्रॉली को हटाकर मजदूरों को बाहर निकाला। सभी को तत्काल एंबुलेंस से गोसाईंगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। डॉक्टरों ने तीन मजदूरों को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल चौथे मजदूर की ट्रॉमा सेंटर ले जाते समय मौत हो गई।

मृतकों की पहचान संदीप रावत, पीतांबर रावत, पवन रावत और बलराम रावत के रूप में हुई है। इनमें तीन मजदूर बाराबंकी के इलिचपुर मजरे पड़रांवा के रहने वाले थे, जबकि बलराम सरायनदर गांव का निवासी था। बताया गया है कि ये लोग ईंट भट्ठे से जुड़े काम में लगे थे।
पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में ट्रैक्टर-ट्रॉली के अनियंत्रित होकर पलटने की बात सामने आई है। पुलिस हादसे के अन्य कारणों की भी जांच कर रही है।






