व्हाइट हाउस प्रेस सेक्रेटरी पद से लेविट अगस्त अंत में होंगी विदा

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी करोलिन लेविट के पद छोड़ने पर उनकी तारीफ करते हुए मजाकिया अंदाज में कहा कि लेविट को शायद उनसे ज्यादा अपने बच्चे पसंद हैं। ट्रम्प ने कहा कि लेविट ने शानदार काम किया है और उनकी जगह किसी दूसरे व्यक्ति का आना आसान नहीं होगा।
करोलिन लेविट ने अगस्त के अंत में व्हाइट हाउस प्रेस सेक्रेटरी का पद छोड़ने का फैसला किया है। उन्होंने अपने इस्तीफे के पीछे अपने परिवार और दो छोटे बच्चों को ज्यादा समय देने की इच्छा को वजह बताया है। 28 वर्षीय लेविट हाल ही में दूसरी बार मां बनी हैं और मई में उन्होंने बेटी को जन्म दिया था।

ट्रम्प ने लेविट के काम की तारीफ करते हुए उन्हें अपने प्रशासन की महत्वपूर्ण सहयोगी बताया। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि लेविट के जाने के बाद प्रेस सेक्रेटरी की जिम्मेदारी संभालना किसी के लिए आसान नहीं होगा। अभी तक उनके उत्तराधिकारी का अंतिम ऐलान नहीं किया गया है।

लेविट ने जनवरी 2025 में ट्रम्प के दूसरे कार्यकाल की शुरुआत के साथ प्रेस सेक्रेटरी का पद संभाला था। वह इस पद पर नियुक्त होने वाली अमेरिकी इतिहास की सबसे कम उम्र की प्रेस सेक्रेटरी बनी थीं। पद छोड़ने के बाद भी वह ट्रम्प की टॉप बाहरी सलाहकार के तौर पर काम करती रहेंगी।






