पोस्टमार्टम रिपोर्ट से बदला जांच का रुख, गहने गायब मिलने से लूट की आशंका

उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर में लखनऊ में तैनात एसपी आशुतोष मिश्रा की 91 वर्षीय मां इंद्रावती की हत्या से सनसनी फैल गई है। उनका शव मालीपुर थाना क्षेत्र के रूढ़ा धमरुआ गांव स्थित पैतृक घर में मिला। शुरुआती जांच में घर के बाहर का दरवाजा बंद मिला और महिला के शरीर से जेवर गायब थे। पुलिस ने हत्या और लूट का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस मामले की सबसे भावुक कड़ी स्वतंत्रता दिवस से जुड़ी है। 15 अगस्त को इंद्रावती अपने बेटे आशुतोष मिश्रा के साथ गांव के गदाधर नाथ मर्यादा विद्यापीठ हाईस्कूल पहुंची थीं। यहां उन्होंने बेटे के साथ ध्वजारोहण किया और तिरंगा फहराया था। इसके बाद आशुतोष मिश्रा ड्यूटी के लिए लखनऊ लौट गए थे। शनिवार रात करीब 8:30 बजे उनकी मां से आखिरी बार फोन पर बात हुई थी।

अगली सुबह घर में काम करने वाली महिला पहुंची तो बाहरी लोहे के गेट पर सिटकनी बाहर से बंद मिली। अंदर जाकर देखा तो इंद्रावती बिस्तर पर पड़ी थीं और उनके मुंह से खून निकल रहा था। शरीर से जेवर भी गायब थे। पुलिस और एसओजी-सर्विलांस टीमें गांव में जांच कर रही हैं।

पोस्टमार्टम के बाद भी मौत की परिस्थितियों को लेकर कई सवाल बने हुए हैं। पुलिस अब फोरेंसिक साक्ष्यों, कॉल डिटेल, सीसीटीवी और घटनाक्रम की टाइमलाइन को खंगाल रही है। मामले की जांच आगे बढ़ने के साथ हत्या के पीछे लूट के अलावा अन्य संभावित कारणों की भी पड़ताल की जा रही है।






