DNA टेस्ट में 99.5% मैच, Prince Laurent ने बेटे के रूप में दी कानूनी मान्यता

बेल्जियम में एक हैरान करने वाला शाही मामला सामने आया है। 26 वर्षीय क्लेमेंट वैंडेनकेरखोव (Clément Vandenkerckhove), जो पहले कार सेल्समैन के तौर पर काम करते थे, अब आधिकारिक रूप से बेल्जियम के राजकुमार बन गए हैं। Prince Laurent ने उन्हें कानूनी तौर पर अपना बेटा मान लिया है। इस तरह करीब 26 साल पुराने पितृत्व के रहस्य पर आधिकारिक मुहर लग गई है।
क्लेमेंट की मां बेल्जियम की गायिका और पूर्व मॉडल Wendy Van Wanten हैं। रिपोर्टों के मुताबिक, उनका Prince Laurent के साथ 1990 के दशक में संबंध था। क्लेमेंट के जन्म के समय से ही उनके पिता की पहचान को लेकर चर्चाएं होती रही थीं। हालांकि, लंबे समय तक यह मामला सार्वजनिक तौर पर स्पष्ट नहीं हुआ। क्लेमेंट को 16 साल की उम्र में अपने संभावित शाही पिता के बारे में पता चला और बाद में उन्होंने Laurent से संपर्क किया। DNA टेस्ट में दोनों के बीच 99.5 प्रतिशत मैच सामने आया।

लगभग छह महीने पहले एक निजी टाउन हॉल समारोह में Prince Laurent ने क्लेमेंट को आधिकारिक रूप से अपने परिवार में शामिल किया था। इसकी जानकारी अब सार्वजनिक हुई है। कानूनी मान्यता मिलने के बाद क्लेमेंट को Prince का दर्जा और निजी संपत्ति में अपने सौतेले भाई-बहनों के बराबर विरासत का अधिकार मिलेगा।

हालांकि, शाही परिवार में शामिल होने के बावजूद क्लेमेंट को सरकारी राजभत्ता नहीं मिलेगा और वह किसी आधिकारिक शाही जिम्मेदारी का निर्वहन नहीं करेंगे। वह बेल्जियम के सिंहासन की उत्तराधिकार लाइन में भी शामिल नहीं होंगे। रिपोर्टों के अनुसार, वह फिलहाल अपनी मां का उपनाम Vandenkerckhove ही बनाए रखने को लेकर विचार कर रहे हैं।






