यात्री ट्रैक पर उतरकर देखने लगे थे मंजर

प्रयागराज के करछना क्षेत्र में भीरपुर रेलवे स्टेशन के पास पचदेवरा गांव में मंगलवार शाम एक दर्दनाक रेल हादसा हो गया। इस हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिनमें चार एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, फिरोजाबाद के खैरगढ़ क्षेत्र से एक परिवार नेताजी एक्सप्रेस 12312 से कोलकाता जा रहा था। इसी दौरान ट्रैक पर पहले से एक व्यक्ति के कटने की घटना के कारण ट्रेन को रोक दिया गया था। कुछ यात्री घटना देखने के लिए ट्रेन से उतरकर ट्रैक पर पहुंच गए।

इसी बीच विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में पुरुषोत्तम एक्सप्रेस 12801 आ गई। अचानक ट्रेन के पहुंचने से लोग संभल नहीं पाए और पांच लोग उसकी चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों में आकाश (17), बलराम (23) और उनके परिवार के अन्य सदस्य शामिल हैं, जबकि एक अन्य युवक मिर्जापुर निवासी था। हादसे में एक युवक बाल-बाल बच गया।
सूचना मिलते ही जीआरपी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। एसपी जीआरपी प्रशांत वर्मा ने बताया कि मामले की जांच जारी है और पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता दी जाएगी। फिलहाल घटना से इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।





